ऐप पर पढ़ें
NHPC share price: एनर्जी सेक्टर से जुड़ी कंपनी NHPC के शेयरों में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन तूफानी तेजी देखी गई। यह तेजी कंपनी द्वारा गुजरात में निवेश के किए गए ऐलान की वजह से शेयरों में आई है। बता दें कि NHPC ने प्रस्तावित 750 मेगावाट क्षमता वाली कुप्पा पंप हाइड्रो स्टोरेज परियोजना में निवेश करने को गुजरात सरकार के गुजरात पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौता ज्ञापन के अनुसार, NHPC गुजरात के छोटा उदयपुर में स्थित इस प्रस्तावित परियोजना में अनुमानित 4000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
शेयर का हाल
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को NHPC के शेयर में 6 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। एक दिन पहले के 70 रुपये के मुकाबले शेयर की कीमत 75 रुपये के स्तर तक पहुंच गई। यह शेयर के 52 वीक का हाई है। वहीं, 37.80 रुपये इस शेयर का 52 वीक लो है, जो पिछले साल फरवरी महीने में था। कहने का मतलब है कि करीब एक साल से यह शेयर 38-70 रुपये के बीच घूम रहा था। नवंबर तक शेयर की कीमत 50 रुपये के आसपास थी। कंपनी के मार्केट कैप की बात करें तो 73 हजार करोड़ रुपये है। बता दें कि इस साल अब तक NHPC का यह शेयर 15 फीसदी तक चढ़ चुका है।
NHPC का प्लान
NHPC और गुजरात सरकार ने पंपयुक्त वाटर स्टोरेज परियोजनाओं को विकसित व उपयोग करने की योजना बनाई है। इस परियोजना के कार्यान्वयन से रोजगार के अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसका लक्ष्य 2030 तक 500 गीगावॉट रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता और 2070 तक “नेट जीरो” का लक्ष्य हासिल करने में योगदान करना है।
NHPC के बारे में: यह कंपनी भारत की अग्रणी जलविद्युत कंपनी है। NHPC के पास अपने 25 विद्युत संयंत्रों के माध्यम से रिन्यूएबल एनर्जी की कुल क्षमता 7,097.2 मेगावाट है, जिसमें सहायक कंपनियों के माध्यम से 1,520 मेगावाट की क्षमता भी शामिल है।