ऐप पर पढ़ें
योगगुरु रामदेव की कंपनी पतंजलि फूड्स (Patanjali Foods) के शेयर सोमवार को रेंगते हुए नजर आए। पतंजलि फूड्स के शेयर ट्रेडिंग के दौरान 3 प्रतिशत तक लुढ़ककर 851.70 रुपये के स्तर पर आ गए। बता दें कि शेयर के 52 वीक का लो 706 रुपये है, जो अप्रैल 2022 में था।
क्यों आई गिरावट: शेयर बाजार के एक्सपर्ट के मुताबिक पतंजलि फूड्स के शेयर में गिरावट की वजह कंपनी का स्पष्टीकरण है। दरअसल, कंपनी ने उन खबरों को खारिज कर दिया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि प्रमोटर होल्डिंग्स को कम करने के लिए एक और फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (एफपीओ) लॉन्च करने की तैयारी कर रही थी।
मीडिया के एक वर्ग में आई खबरों में कहा गया है कि कंपनी अप्रैल में शेयर बिक्री शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसमें रिटेल निवेशकों को भी दांव लगाने का मौका मिलेगा। हालांकि, कंपनी ने इन खबरों को खारिज कर दिया है।
क्या कहा कंपनी ने: पतंजलि फूड्स ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि वह सार्वजनिक शेयरधारिता को बढ़ाने के लिए एफपीओ नहीं लाएगी। कंपनी ने कहा है कि इसके बजाय वह बिक्री पेशकश (ओएफएस) और पात्र संस्थागत नियोजन जैसे विकल्पों पर विचार करेगी। बता दें कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बीएसई ने बाबा रामदेव की अगुवाई वाले पतंजलि समूह की कंपनी पंतजलि फूड्स के प्रवर्तकों के शेयर जब्त किए हैं।
एफपीओ के बारे में योगगुरु रामदेव ने कहा-हम करीब छह प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर इश्यू ला रहे हैं। इसको लेकर कोई सवाल नहीं है। देरी का कारण बाजार स्थिति का अनुकूल नहीं होना है। समयसीमा के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा-हम एफपीओ के लिये प्रक्रिया अप्रैल में शुरू करेंगे।