शेयर बाजार में किसी कंपनी के स्टॉक को प्रभावित करने के लिए उससे जुड़ी एक खबर ही काफी होती है। किसी एक पॉजिटिव खबर की वजह से कंपनियों के स्टॉक चढ़ जाते हैं तो निगेटिव खबरों से क्रैश हो जाते हैं। कुछ ऐसा ही अडानी ग्रुप की कंपनियों के साथ हुआ है। मंगलवार को अडानी ग्रुप की कंपनियों के स्टॉक बुरी तरह धाराशायी हो गए। कारोबार के अंत में अडानी ग्रुप की लिस्टेड 7 कंपनियों में से 5 बुरी तरह पस्त नजर आए। वहीं, दो कंपनियों के स्टॉक में रिकवरी आई और हरे निशान पर बंद हुए।
वजह क्या है: अडानी समूह की कंपनियों में गिरावट की वजह एक रिपोर्ट है। दरअसल, Fitch रेटिंग्स की क्रेडिटसाइट्स ने अडानी समूह की तरक्की पर सवाल खड़े किए हैं। ग्रुप की बैलेंश शीट से लेकर कर्ज और आक्रामक विस्तार नीति पर भी चिंता जाहिर की गई है। बहरहाल, आइए जान लेते हैं कि अडानी समूह की किस कंपनी का क्या हाल रहा।
-अडानी एंटरप्राइजेज के स्टॉक की बात करें तो 3023.65 रुपये पर बंद हुआ। एक दिन पहले के मुकाबले भाव में 0.93% की गिरावट दर्ज की गई। कारोबार के दौरान स्टॉक करीब 2 फीसदी तक टूट गया था, हालांकि, बाद में निचले स्तर से मामूली रिकवरी आई। मार्केट कैपिटल की बात करें तो 3.46 लाख करोड़ रुपये रहा।
-अडानी पोर्ट्स की बात करें तो 832.75 रुपये के भाव पर रहा। एक दिन पहले के मुकाबले 0.88% की गिरावट रही। कारोबार के दौरान शेयर का भाव 806 रुपये के निचले स्तर तक गया। मार्केट कैपिटल की बात करें तो 1 लाख 76 हजार करोड़ रुपये के स्तर पर रहा।
– अडानी पावर के स्टॉक में लोअर सर्किट लग गया और यह 5 फीसदी टूटकर 411.20 रुपये के स्तर पर रहा। मार्केट कैपिटल की बात करें तो 1.59 लाख करोड़ रुपये रहा।
– अडानी ग्रीन एनर्जी के स्टॉक में 4.15% की गिरावट रही और यह 2414.80 रुपये के स्तर पर आ पहुंचा। कारोबार के अंत में स्टॉक का भाव 2345.70 रुपये के स्तर पर रहा। मार्केट कैपिटल की बात करें तो 3,82,512.16 करोड़ रुपये रहा।
– अडानी विल्मर के स्टॉक में भी बिकवाली हावी रही और यह 4.73% लुढ़क कर 689.60 रुपये के स्तर पर आ गया। मार्केट कैपिटल की बात करें तो 89,625.84 करोड़ रुपये रहा।
– इन सबके बीच अडानी ट्रांसमिशन के स्टॉक में उतार-चढ़ाव रहा। हालांकि, कारोबार के अंत में स्टॉक का भाव 3.23% चढ़ गया। स्टॉक का भाव 3590.15 करोड़ रुपये के करीब रहा। कारोबार के दौरान शेयर का भाव 3319 रुपये के लो लेवल तक गया। अंत में कंपनी का मार्केट कैपिटल 4 लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार कर गया।
ये पढ़ें-गौतम अडानी की बड़ी डील, 495 करोड़ रुपये में NDTV पर लगाया दांव, खरीदेंगे 29% स्टेक
-इसी तरह, अडानी टोटल गैस के स्टॉक में 1.73% की तेजी रही। यह स्टॉक 3431 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। मार्केट कैपिटल की बात करें तो 3,77,344.84 करोड़ रुपये रहा। कारोबार के दौरान स्टॉक का भाव 3240 रुपये के लो लेवल तक गया।