इंजीनियरिंग सेक्टर की कंपनी लार्सन एंड टुब्रो ( Larsen & Toubro- L&T) को झारखंड सरकार से सिंचाई की एक बड़ी परियोजना मिली है। इस परियोजना के तहत सिद्धेश्वरी नदी से पानी लेकर झारखंड के दुमका जिले में 22,283 हेक्टेयर क्षेत्र की सिंचाई के लिए जल उपलब्ध कराया जाएगा। कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘एलएंडटी कंस्ट्रक्शन के जल एवं एफ्लुएंट ट्रीटमेंट बिजनेस को झारखंड के जल संसाधन विभाग से ऑर्डर मिला है।’’
क्या कहा कंपनी ने?
कंपनी की इसी तरह की लिफ्ट सिंचाई परियोजना झारखंड के गढ़वा जिले में भी चल रही है। कंपनी ने कहा कि 1,000-2,500 करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट को बड़ा ऑर्डर माना जाता है। कंपनी के मुताबिक, इस परियोजना में 22,283 हेक्टेयर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की परिकल्पना की गई है। इसके दायरे में सिद्धेश्वरी नदी पर सर्वेक्षण, डिजाइन और 158 मीटर लंबे बैराज का निर्माण शामिल है। कंपनी ने कहा कि इस दायरे में सर्वेक्षण, डिजाइन, खरीद, स्थापना, परीक्षण और कमीशनिंग इंटेक और इंटरमीडिएट पंप हाउस, डिलीवरी चैंबर, विभिन्न व्यास की एमएस, डीएल और एचडीपीई पाइपलाइन और सभी संबद्ध कार्यों के साथ पाइपलाइन वितरण नेटवर्क शामिल हैं।
Larsen & Toubro Limited का शेयर प्राइस
BSE पर Larsen & Toubro Limited के शेयर मामूली गिरावट के साथ 1,620 रुपये पर ट्रेड कर रहे हैं। इस साल 2022 में अब तक यह शेयर नुकसान में रहा है और शून्य रिटर्न दिया है। पिछले एक महीने में यह 10 पर्सेंट और पिछले पांच कारोबारी सत्र में यह 3% तक नुकसान में है।