असम के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके बेटे अनंत अंबानी ने हाथ बढ़ाए हैं। कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक मुकेश अंबानी और बेटे अनंत ने 25 करोड़ रुपये दान दिए हैं। असम के मुख्यमंत्री डॉ हेमंत बिस्वा सरमा ने इसकी पुष्टि करते हुए अंबानी परिवार को धन्यवाद किया है।
क्या कहा मुख्यमंत्री ने: डॉ हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा, “इस अहम मोड़ पर असम के लोगों के साथ खड़े होने के लिए मुकेश अंबानी और अनंत अंबानी का हार्दिक आभार। यह हमारे बाढ़ राहत उपायों के लिए काफी मददगार साबित होगा।”
आपको बता दें कि तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा सहित कई प्रमुख हस्तियों ने असम बाढ़ से राहत के लिए दान दिए हैं। दलाई लामा ने 10 लाख रुपये दान दिए, जबकि ऑयल इंडिया लिमिटेड ने 5 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया है। वहीं, टी-सीरीज़ के मालिक और संगीत निर्माता भूषण कुमार ने 11 लाख रुपये, जबकि सोनू निगम ने 5 लाख रुपये दान दिए हैं। बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर और फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी ने भी 5-5 लाख रुपये का योगदान दिया है।
ये पढ़ें-जुलाई में शुरू होगी Akasa की पहली कॉमर्शियल उड़ान! जानिए कब से मिलेगा टिकट
अडानी ने जन्मदिन पर दिए थे दान: हाल ही में अडानी समूह के मुखिया गौतम अडानी ने अपने 60वें जन्मदिन पर 60 हजार करोड़ रुपये दान दिए हैं। बीते दिनों अडानी समूह की ओर से बयान में बताया गया कि अडानी परिवार हेल्थ केयर, एजुकेशन और स्किल डेवलपमेंट में उपयोग के लिए 60,000 करोड़ रुपये दान करेगा।