ऐप पर पढ़ें
फिनटेक कंपनी BharatPe के को-फाउंडर अशनीर ग्रोवर और उनकी पत्नी माधुरी जैन ग्रोवर के सामने एक नई मुश्किल आ गई है। दरअसल, अशनीर और माधुरी ग्रोवर के खिलाफ BharatPe ने केस दर्ज कराया है। बिजनेस टुडे की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। BharatPe के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की है।
क्या कहा प्रवक्ता ने: BharatPe के प्रवक्ता ने कहा- अशनीर ग्रोवर, माधुरी जैन ग्रोवर और उनके परिवार के अन्य जुड़े पक्षों के खिलाफ विभिन्न दावों के लिए कानूनी कार्यवाही शुरू की गई है। जिन मामलों में ग्रोवर दंपति पर कार्यवाही हो रही है, उसमें गबन भी शामिल है। हालांकि, प्रवक्ता ने यह भी कहा कि मामला न्यायाधीन है, इसलिए कंपनी आगे कोई टिप्पणी नहीं कर सकती है। BharatPe के प्रवक्ता के मुताबिक हमें अदालतों और अधिकारियों पर पूरा भरोसा है। हमें विश्वास है कि न्याय होगा।
अशनीर ने दे दिया है इस्तीफा: बता दें कि BharatPe की नींव 2018 में अश्नीर ग्रोवर और शाश्वत नाकरानी द्वारा रखी गई थी। हालांकि, अलग-अलग विवाद के बाद अशनीर को इस साल की शुरुआत में बोर्ड से हटना पड़ा। फिनटेक यूनिकॉर्न BharatPe ने पहले माधुरी जैन ग्रोवर को कंपनी के फंड की हेराफेरी के आरोप में बर्खास्त कर दिया। इसके बाद अशनीर ग्रोवर ने खुद इस्तीफा दे दिया।
BharatPe ने अशनीर ग्रोवर और उनकी पत्नी माधुरी पर आरोप लगाया कि उन्होंने कंपनी व्यय खातों का उपयोग कर खुद को समृद्ध किया और अपनी भव्य जीवन शैली के लि भी फंड का इस्तेमाल हुआ। कंपनी ने ग्रोवर्स से 88.67 करोड़ रुपये से अधिक की मांग की है।
इसके अलावा कंपनी ने जो अंतरिम राहत मांगी है, उसमें ग्रोवर फैमिली के सदस्यों की संपत्ति का खुलासा करना और सोशल मीडिया पर किसी भी अपमानजनक सामग्री को पोस्ट करने से रोकना शामिल है। इसके साथ ही कंपनी से जुड़ी सामग्री को सभी मीडिया घरानों को हटाने या हटाने के लिए अनुमति देने की भी मांग की गई है।