अमूल ब्रांड के तहत उत्पादों की पेशकश करने वाली डेयरी कंपनी गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडेरेशन लिमिटेड (जीसीएमएमएफ) ने ऑर्गेनिक गेहूं आटा लॉन्च किया है। जीसीएमएमएफ ने कहा कि इस कारोबार के तहत उतारा गया पहला उत्पाद ‘अमूल ऑर्गेनिक होल व्हीट आटा’ है। कंपनी आगे चलकर मूंग दाल, तुअर दाल, चना दाल और बासमती चावल जैसे उत्पाद भी बाजार में उतारेगी।
कितनी होगी कीमत: ऑर्गेनिक आटा जून के पहले हफ्ते से गुजरात में सभी अमूल पार्लरों और खुदरा दुकानों पर मिलने लगेगा। जून के बाद से गुजरात, दिल्ली-एनसीआर, मुंबई और पुणे में भी ऑनलाइन ऑर्डर किया जा सकेगा। एक किलोग्राम आटे की कीमत 60 रुपये और पांच किलो आटा 290 रुपये का होगा।
कंपनी के प्रबंध निदेशक आर एस सोढी ने कहा कि ऑर्गेनिक खेती करने वाले किसानों को एक साथ लाया जाएगा और दूध एकत्र करने के मॉडल को ही इस कारोबार में भी अपनाया जाएगा। इससे ऑर्गेनिक खेती करने वाले किसानों की आय बढ़ेगी और ऑर्गेनिक खाद्य उद्योग को अधिक लोकतांत्रिक बनाया जा सकेगा।
ये पढ़ें-थैंक्स, बट नो थैंक्स.. टेस्ला प्लांट पर Ola के भाविश ने Elon Musk को यूं दिया जवाब
संबंधित खबरें
अमूल ऑर्गेनिक खेती करने वाले किसानों को बाजार से जोड़ने के अलावा देशभर में पांच स्थानों पर ऑर्गेनिक जांच प्रयोगशालाएं भी स्थापित करेगी। इस तरह की पहली प्रयोगशाला अहमदाबाद में ‘अमूल फेड डेयरी’ में बनाई जा रही है।