अडानी ग्रुप को एक और झटका लगा है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने अडानी ग्रुप की 4 कंपनियों को निफ्टी अल्फा 50 इंडेक्स से हटा दिया है। 31 मार्च 2023 से इन कंपनियों के शेयर इंडेक्स से बाहर हो जाएंगे। अडानी ग्रुप की अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी ट्रांसमिशन और अडानी टोटल गैस एनएसई के इस इंडेक्स से बाहर होंगी।
इन इंडेक्स से भी बाहर होंगी अडानी ग्रुप की कंपनियां
निफ्टी अल्फा 50 इंडेक्स के अलावा अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी ट्रांसमिशन, अडानी टोटल गैस और अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन को निफ्टी 100 अल्फा 30 इंडेक्स से हटाया जाएगा। अडानी स्टॉक्स के अलावा आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल, एंजेल वन, गुजरात नर्मदा वैली फर्टिलाइजर्स, पेज इंडस्ट्रीज और सुजलॉन एनर्जी को भी निफ्टी अल्फा 50 इंडेक्स से बाहर किया गया है।
यह भी पढ़ें- खुलते ही इस IPO पर टूट पड़े निवेशक, कुछ ही घंटो में फुल सब्सक्राइब
इन कंपनियों को मिली इंडेक्स में जगह
निफ्टी अल्फा 50 इंडेक्स से 14 स्टॉक्स को बाहर किया गया है। वहीं, आदित्य बिड़ला कैपिटल, अपोलो टायर्स, बैंक ऑफ इंडिया, भेल, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, IDFC फर्स्ट बैंक, जिंदल स्टील एंड पावर, एलएंडटी फाइनेंस होल्डिंग्स, एमएंडएम फाइनेंशियल सर्विसेज, एमआरएफ, पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन, पंजाब नेशनल बैंक, सीमेंस और जायडस लाइफसाइंसेज को इंडेक्स में शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें- अडानी के ऊपर से छंट रहे संकट के बादल, अब टॉप-25 अमीरों में शामिल
इस इंडेक्स में जुड़ीं अडानी ग्रुप की कंपनियां
निफ्टी हाई बीटा 50 इंडेक्स में भी बदलाव किए गए हैं। इस इंडेक्स से 5 स्टॉक्स को बाहर किया गया है। वहीं, कई शेयरों को इंडेक्स में जोड़ा गया है। वोडाफोन आइडिया, ग्रॉसिम इंडस्ट्रीज और टाटा केमिकल्स को इंडेक्स से बाहर किया गया है। वहीं, अडानी टोटल, अडानी ट्रांसमिशन और जेएसडब्ल्यू एनर्जी को इंडेक्स में शामिल किया गया है। इसी तरह निफ्टी लो वोलैटिलिटी 50 इंडेक्स से 4 कंपनियों को बाहर किया गया है और 4 को इंडेक्स में शामिल किया गया है। एसीसी, अंबुजा सीमेंट्स को इंडेक्स से बाहर किया गया है। जबकि भारती एयरटेल और ICICI Bank को इंडेक्स में जोड़ा गया है।
डिस्क्लेमर: यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।