ऐप पर पढ़ें
हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद संकट में घिरे गौतम अडानी समूह को लेकर एक नई खबर आई है। दरअसल, भारतीय स्टेट बैंक की इकाई SBICAP ट्रस्टी ने बताया है कि अडानी समूह की तीन कंपनियों ने शेयर गिरवी रखे हैं। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक ग्रुप की फ्लैगशिप फर्म अडानी एंटरप्राइजेज के लेंडर्स के लिए तीन कंपनियां- अडानी पोर्ट्स और स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन, अडानी ट्रांसमिशन और अडानी ग्रीन एनर्जी ने शेयर गिरवी रखे हैं।
कितने शेयर हैं गिरवी: SBICAP ट्रस्टी के मुताबिक अडानी पोर्ट्स के 1% शेयर गिरवी रखे गए हैं। पहले गिरवी शेयर 0.65% थे। अडानी ट्रांसमिशन के 0.55% शेयर गिरवी रखे गए हैं जो पहले 0.44% था। इसके अलावा अडानी ग्रीन के 1.06% शेयर गिरवी हैं, जो पहले 0.68% था।
बता दें कि 24 जनवरी को हिंडनबर्ग रिसर्च ने रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट में अडानी समूह पर कई गंभीर आरोप लगाए गए। इसके बाद गौतम अडानी द्वारा नियंत्रित समूह की कंपनियों को $100 बिलियन से अधिक का नुकसान हुआ है। गौतम अडानी की व्यक्तिगत दौलत में भी भारी गिरावट आई है और वह रैंकिंग में भी लुढ़के हैं। हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद शेयर बाजार में गिरावट का मामला सुप्रीम कोर्ट में भी पहुंच चुका है।
वहीं, खबर ये भी है कि भारत का बाजार नियामक सेबी अडानी समूह के एफपीओ में कुछ निवेशकों की अडानी समूह से लिंक की जांच कर रहा है। हाल ही में अडानी समूह ने 20 हजार करोड़ रुपये के एफपीओ को लॉन्च किया था। हालांकि, सब्सक्राइब होने के बाद इसे अडानी समूह ने वापस ले लिया। अडानी समूह के मुताबिक एफपीओ पर दांव लगाने वाले निवेशकों के पैसे लौटाए जाएंगे।